तावड़ू में आंशिक असर, पूर्व विधायक के नेतृत्व में प्रदर्शन
तावडू। भारत बंद का असर आंशिक रहा। पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता शहीदा खान के नेतृत्व में नूंह रोड पर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। नई अनाज मंडी के आढ़तियों ने दुकानें बंद रखीं। हालांकि कई दुकानें खुली भी नजर आईं। लोगों की दिनचर्या सुचारु रही। आवश्यक वस्तुएं मिलने में भी कोई परेशानी नहीं हुई। प्रशासन, पुलिस व खुफिया विभाग चौकस रहे।
भारत बंद के मद्देनजर इंचार्ज नियुक्त किए गए नायब तहसीलदार ने बताया कि केएमपी पर भी परिवहन व्यवस्था सुचारु रही। पेट्रोल पंप से लेकर सब्जी मंडी तक लोगों को खरीदारी संबंधी कहीं कोई परेशानी नहीं आई।
पूर्व विधायक शहीदा खान के विरोध प्रदर्शन के दौरान तावडू-नूंह रोड पर कुछ देर के लिए दुकानें बंद रहीं। उधर, नई अनाज मंडी यूनियन के प्रधान ने दावा किया था कि सभी आढ़ती भारत बंद के समर्थन में हड़ताल पर बैठेंगे। इस दौरान देखा गया कि लगभग सभी आढ़तियों ने प्रतिष्ठान खोले। एसडीएम डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि तावडू में कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।