पर्थला फ्लाईओवर के नीचे गोलचक्कर का काम शुरू
जून में फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे वाहन भरेंगे फर्राटा, फ्लाईओवर का 99 प्रतिशत काम पूरा
31 मई तक काम पूरे करने का लक्ष्य, नीचे के हिस्से में डायवर्जन की व्यवस्था हो जाएगी समाप्त
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-122 स्थित पर्थला चौक पर निर्माणाधीन पर्थला फ्लाईओवर का 99 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अब फ्लाईओवर के नीचे गोलचक्कर का काम भी सोमवार से शुरू हो गया। दोनों काम 31 मई तक पूरे होंगे। इसके बाद जून से पर्थला फ्लाईओवर के अलावा नीचे की सड़क पर भी वाहन सिग्नल फ्री आ-जा सकेंगे।
फ्लाईओवर के साथ-साथ नीचे के सर्विस रोड का भी काम चल रहा था। सर्विस रोड का काम पूरा होने के बाद अंतिम चरण में पर्थला फ्लाईओवर के नीचे गोलचक्कर को पहले की तरह शुरू करने की प्रक्रिया शुरू हुई। फ्लाईओवर का काम करीब-करीब समाप्त हो चुका है। ऐसे में नीचे के गोलचक्कर का काम शुरू किया गया। इसे भी फ्लाईओवर के काम के साथ-साथ 31 मई तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तैयार होते ही एफएनजी समेत ग्रेनो वेस्ट की ओर से किए गए डायवर्जन को समाप्त कर दिया जाएगा।
प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि पर्थला फ्लाईओवर पर रैंप का काम काफी पहले पूरा हो चुका है। फ्लाईओवर पर 28 केबल सस्पेंशन भी लगाए जा चुके हैं। यहां 780 मीटर लंबा और छह लेन का फ्लाईओवर तैयार किया गया है।यह पूरी तरह से सिग्नेचर ब्रिज जैसा दिखेगा। लाइटिंग आदि लगाने बाद यह मुंबई के सी-लिंक जैसा दिखेगा। इसे करीब 80 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है। इसके तैयार होने से ग्रेनो वेस्ट, सेवेन एक्स, कालिंदी कुंज आदि से निकलने वाले वाहनों को सिग्नल फ्री सफर का मौका मिलेगा। इसकी मदद से करीब 10 लाख लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।