बंद घराें की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला सहित पांच गिरफ्तार
3.46 लाख रुपये समेत लाखों के गहने और मूर्तियां बरामद
74500 रुपये के एक-एक हजार रुपये के पुराने नोट भी मिले
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस ने शहर के विभिन्न सेक्टरों में बंद मकानों की रेकी कर साथियों के साथ मिलकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कुछ एंटीक मूर्तियां और अन्य सामान बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से 3.46 लाख रुपये और करीब 74500 रुपये के एक-एक हजार रुपये के पुराने नोट भी मिले हैं। आरोपियों की पहचान गिरोह के सरगना जुबैर, मशील, मिन्हाज, मुरसलीम और गुलफसा के रूप में हुई है। इसमें सामान खरीदने वाला कबाड़ी भी शामिल है। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दिन में रेकी और रात में ऑटो से चोरी करने जाते थे। गिरोह में महिला को इसलिए रखा गया था कि रेकी और चोरी करने के लिए जाते समय ऑटाे में बैठाने पर किसी को संदेह न हो। बदमाश किसी भी पॉश सेक्टर में आसानी से प्रवेश कर जाते थे। आरोपियों ने ताला तोड़ने के लिए इलेक्ट्राॅनिक कटर रखा था। सभी आरोपी मूल रूप से अररिया, बिहार के रहने वाले हैं।
जेल से आने के बाद बनाया मुर्रु गिरोह
डीसीपी नोएडा हरीश चंदर ने बताया कि गिरोह सरगना जुबैर 2022 में एक लूट के मामले में सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद यह ऑटो चलाने लगा। इसके बाद मशील, मिन्हाज, मुरसलीम और गुलफसा के साथ मिलकर मुर्रु गिरोह बनाया और चोरी करने लगा।
-
सेक्टर-47, 48, 56 समेत अन्य सेक्टरों में की वारदात
एडीसीपी शक्ति अवस्थी ने बताया कि आरोपियों ने पिछले दिनों सेक्टर-47 और 48 में एक सीए और दवा व्यापारी के यहां से लाखों की चोरी की थी। इसके अलावा सेक्टर-56 और 24 समेत कई जगहों पर वारदात की। चोरी में सोना-चांदी को छोड़ पीतल-तांबा समेत अन्य धातुओं का जो भी सामान उसे निठारी निवासी मुरसलीम खरीदता था जो कि पेशे से कबाड़ी है। पुलिस ने इनके कब्जे से 338 ग्राम सोना, दो किलो चांदी, 3.46 लाख रुपये, 74,500 रुपये के बंद हो चुके 1000 और 500 रुपये के नोट समेत, घड़ी, आर्टिफिशियल जूलरी, मूर्तियां, हुक्का और डॉलर समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।