-सीईओ ने कहा कि इन परियोजनाओं को और समय नहीं दिया जाएगा
-भंगेल एलिवेटेड रोड के ठेकेदार को नोटिस देने के दिए निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-122 पर्थला फ्लाईओवर, एक्सप्रेस वे के सेक्टर-96 और एडवंट अंडरपास का काम 30 अप्रैल तक पूरा करना होगा। इसके बाद आगे कोई समय नहीं दिया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने भंगेल एलिवेटेड रोड के ठेकेदार को काम में देरी पर नोटिस देने को कहा।
बैठक में सीईओ ने कहा कि एक्सप्रेस वे के रिसर्फेसिंग का काम 31 मार्च तक पूरा हो जाना चाहिए। इसके लिए वर्क सर्किल-10 को निर्देशित किया गया। सेक्टर-151ए के हेलीपोर्ट निर्माण के लिए आवेदन करने वाली एजेंसी के दस्तावेजों की जांच करवाकर रिपोर्ट देने को कहा। सेक्टर-21ए स्टेडियम में पीपीपी मॉडल पर चल रहे क्रिकेट स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम और शूटिंग रेंज के संचालन को लेकर सीईओ ने नाराजगी जाहिर की। साथ ही खेल सुविधाओं को सही ढंग से संचालित न करने के कारण तीनों वेंडर्स को बुलाने के निर्देश दिए। मौके पर जाकर एसीईओ इसकी जांच करेंगे। आरडब्ल्यूए की मांग के आधार पर किए जाने वाले कार्यों का एस्टिमेट 30 मार्च तक तैयार करने को कहा। सेक्टर-14ए से महामाया फ्लाईओवर तक जाने वाली सड़क को सुधारने के निर्देश दिए। इसके लिए जल्द से जल्द सलाहकार एजेंसी का चयन कर काम शुरू कराने को कहा। वहीं डीएनडी और कालिंदी कुंज की सड़क को ठीक कराने के निर्देश दिए। पूरे शहर में भित्ति चित्र बनाने और जी-20 के आयोजन को देखते हुए तैयारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डीएनडी से जो जमीन वापस ली जानी है। उसके एनटीबीसीएल कंपनी से पत्राचार करते हुए जमीन को जल्द से जल्द वापस लेने के लिए वर्क सर्किल-1 के वरिष्ठ प्रबंधक को निर्देश दिया।
वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक को मेट्रो स्टेशन सेक्टर-51 और 52 को जोड़ने के लिए किए जा रहे फुटओवर ब्रिज के निर्माण में तेजी लाने को कहा। आगामी बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए बारिश का पानी जमा होने वाले स्थानों को चिह्नित कर अंडरपास को कवर किए जाने के लिए एस्टिमेट देने के निर्देश दिए।