गुजरात जायंट्स के खिलाफ गेंदबाजी में चमकीं पार्श्वी
महिला प्रीमियर लीग में 29 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट लिए
यूपी वॉरियर्स की टीम का हिस्सा हैं ग्रेनो निवासी खिलाड़ी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो की प्लुमेरिया गार्डन एस्टेट सोसाइटी निवासी पार्श्वी चोपड़ा ने महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स की तरफ से शानदार शुरुआत की। सोमवार को गुजरात जायंट्स के खिलाफ उन्होंने 29 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। टीम को जीत दिलाने में पार्श्वी ने अहम भूमिका निभाई। उसके प्रदर्शन से परिजन और क्षेत्र के लोग खुश हैं। महिला प्रीमियर लीग की टीम यूपी वॉरियर्स ने पार्श्वी को 10 लाख रुपये में खरीदा है।
यूपी वॉरियर्स की टीम अब तक सात मैच खेल चुकी है। पहले पांच मैचों में पार्श्वी को मौका नहीं मिला। मुंबई इंडियन के खिलाफ पहला मैच खेला। इसमें उन्होंने चार ओवर में 35 रन दिए लेकिन विकेट नहीं मिला। सोमवार को पार्श्वी ने गुजरात की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाली हेमलता (57 रन) और गॉर्डनर (60 रन) को आउट किया। पार्श्वी की गेंदबाजी से गुजरात की टीम 200 रन का आंकड़ा नहीं छू पाई। गुजरात ने 20 ओवर में छह विकेट पर 178 रन बनाए, जवाब में यूपी की टीम ने सात विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। पिता गौरव चोपड़ा ने बताया कि मौका मिलने ही पार्श्वी ने अपने आप को साबित कर दिया।
-
अंडर-19 विश्व कप में किया था शानदार प्रदर्शन
पार्श्वी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थीं। गेंदबाजी में पार्श्वी ने शानदार प्रदर्शन किया और 12 विकेट चटकाकर दूसरी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। भारतीय टीम ने विश्व कप अपने नाम किया था। विश्व कप में पार्श्वी के प्रदर्शन की तारीफ हुई थी।