ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो के सेक्टर स्वर्णनगरी स्थित जेपी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार से स्कूल की ओर से दो दिवसीय अभिभावक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू होगी। इस पहल का उद्देश्य अभिभावकों को खेलों के प्रति सक्रिय बनाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और खेल भावना को मजबूत करना है। प्रतियोगिता में 154 अभिभावक शामिल होंगे। स्कूल की स्पोर्ट्स अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता महिला और पुरुष वर्ग में आयोजित की जाएगी। प्रतिभागी शतरंज और बैडमिंटन जैसी लोकप्रिय स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 27 फरवरी को बैडमिंटन मुकाबले होंगे, जिनमें अभिभावक अपनी फुर्ती और फिटनेस का परिचय देंगे। वहीं 28 फरवरी को शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी दिमागी कौशल और रणनीति का प्रदर्शन करेंगे।