नूंह। बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित करवाने केदावों की जिले में पोल खुल रही है। 58 परीक्षा केंद्रों में से अधिकांश जगहों पर नकल करवाने के लिए पर्ची देने वालों का जमावड़ा देखा गया। बुधवार को नकल के कारण ही जिले के दो परीक्षा केंद्रों सीनियर सेकेंडरी स्कूल पिनगवां और एनडीएम स्कूल पुन्हाना में 10वीं परीक्षा के सामाजिक विज्ञान का पेपर रद्द कर दिया गया है। दोनों केंद्रों पर जमकर नकल होने के कारण बोर्ड ने यह फैसला लिया है।
वहीं बोर्ड परीक्षा के चेकिंग दस्ते ने विभिन्न केंद्रों पर जांच करते हुए 17 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा। फ्लाइंग ने सभी 17 विद्यार्थियों के खिलाफ केस बनाया गया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के बाहर नकल करवाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने करीब एक दर्जन शरारती तत्वों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कुल मिलाकर जिला प्रशासन परीक्षा केंद्रों के बाहर लगाई धारा 144 की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। यहां अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर सैकड़ों शरारती तत्वों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने में शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित पुलिस के भी पसीने छूट रहे हैं। शरारती तत्व पुलिस के काबू नहीं आ रहे हैं। इसके कारण कई शरारती तत्वों को परीक्षा केंद्रों के बाहर व अंदर देखा जा रहा है। बोर्ड चेयरमैन जगबीर ने कहना है कि परीक्षा केंद्रों के अंदर पूरी सख्ती बरती जा रही है। परीक्षा केंद्रों के बाहर शरारती तत्व माहौल खराब कर रहे हैं।