फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में 30 सितंबर 2025 को गुजरात की वित्तीय प्रबंधन कंपनी जीके के कर्मियों से 2 करोड़ रुपये की लूट के मामले में फरार दिल्ली के अपराधी पंकज की तलाश में एसएसपी ने चार टीमें लगाई हैं। टीमों को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तारी का जिम्मा दिया है। पुलिस ने वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया था। गैंग सरगना खैर, अलीगढ़ के नरेश सहित उसके गिरोह के सभी सदस्य को गिरफ्तार किया गया था लेकिन पंकज पकड़ में नहीं आया था। हिरासत से फरार होने पर नरेश पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। इस वारदात की साजिश में शामिल दो पुलिसकर्मियों को भी जेल भेजा चुका है लेकिन पंकज पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। पिछले दिनों पुलिस को उसके संबंध में सटीक इनपुट मिला था। पुलिस ने दबिश भी दी लेकिन वह चकमा दे गया। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।