पलवल/नूंह। पलवल और नूंह दोनों जिलों को रेड जोन से बाहर कर अब ऑरेंज जोन में शामिल किया गया है। हालांकि पलवल में 19 अप्रैल से एक भी संक्रमण का नया केस सामने नहीं आया लेकिन आस-पास के जिलों में बढ़ते मामलों के मद्देनजर अभी और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। वहीं नूंह में शुक्रवार को दो और मरीज डिस्चार्ज हो गए। इनमें मोहम्मद इख्लास घासेड़ा व हारून अखनाका फिरोजपुर झिरका शामिल हैं। अब तक जिले के कुल 58 मरीजों में से 52 डिस्चार्ज किए जा चुके हैं अब केवल 6 लोगों का नलहड़ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पलवल में भी 34 में से 32 लोग ठीक हो चुके हैं, केवल 2 लोगों का इलाज जारी है।
अप्रैल महीने के शुरू में नूंह में कोरोना के कई मामले सामने आए थे। इस कारण प्रदेश सरकार ने नूंह को रेड जोन में डाल दिया था। नूंह में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 2535 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 2339 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 58 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 138 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। 2356 लोगों की निगरानी जारी है।
जिला प्रशासन पलवल ने भी मंडियों में एहतियात के तौर पर सुरक्षा उपायों में बढ़ोतरी कर दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जहां एक ओर सब्जी विक्रेताओं की जांच की जा रही है, वहीं नगर परिषद पलवल ने भी शुक्रवार को पलवल शहर की सब्जी मंडी को सैनिटाइज किया गया। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हरदीप सिंह ने बताया कि नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा पलवल शहर को दो बार सैनिटाइज किया जा चुका है। पार्क, सार्वजनिक शौचालय, बैंक, सरकारी कार्यालयों व अन्य सार्वजनिक स्थलों को दो से तीन दिन के अंतराल पर सैनिटाइज किया जा रहा है। इस कार्य में फायर ब्रिगेड के वाहनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
पलवल में 2 तथा होडल व हथीन में एक-एक वाहन एवं पलवल में 6 और होडल में दो अथवा हथीन में एक वाहन सैनिटाइजेशन के कार्य में लगाए गए हैं। हथीन नगर पालिका के सचिव देवेंद्र ने बताया कि हथीन क्षेत्र हथीन के सभी 13 वार्डों में भी सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया है।