गोंडा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत गोंडा जिले में धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार से जिले के 99 क्रय केंद्रों पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद शुरू होगी। इस बार खरीद प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए आइरिस स्कैन व बायोमीट्रिक सत्यापन प्रणाली लागू की गई है, जिससे बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त होगी।
जिले में इस बार एक लाख 24 हजार 173 हेक्टेयर में धान की रोपाई हुई है। 1.18 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी एजेंसियां अपने-अपने केंद्रों पर किसानों से सीधे खरीद करेंगी।
इस वर्ष केंद्र सरकार ने धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 69 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की है। अब सामान्य धान का एमएसपी 2,369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2,389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। जिले में एक नवंबर से 28 फरवरी तक धान की खरीद होगी।
डिप्टी आरएमओ एनके पाठक ने बताया कि क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने व पेयजल की व्यवस्था की गई है। पंजीकृत किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी किसान को असुविधा नहीं होगी।
ऐसे कर सकेंगे किसान पंजीकरण
किसान विभागीय पोर्टल पर घर बैठे या जनसुविधा केंद्र अथवा साइबर कैफे से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के दौरान किसानों को आधार नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक खाता और भूमि का विवरण देना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद रजिस्ट्रेशन पूरा होगा।