शाहपुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में इन दिनों बगैर रोकटोक के ऑटो और ई-रिक्शा माल वाहक वाहनों के रूप में प्रयोग किए जा रहे हैं। वहीं, जगह-जगह चौक चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मी मूकदर्शक बने बैठे हैं।
नवीन मंडी स्थल सहियापुर में सुबह होते ही दूरदराज से आने वाले व्यापारियों का ऑटो व ई-रिक्शा से फल व सब्जियां ढोने का सिलसिला चालू हो जाता है। यह सिलसिला दिन में 12 बजे तक चलता रहता है। जबकि ऑटो व ई-रिक्शा सिर्फ यात्री वाहनों में प्रयोग किया जाता है।
उसके बाद भी ऑटो व ई-रिक्शा पर सब्जियां भरकर ओवरलोड वाहन सड़कों पर बगैर रोकटोक के दौड़ रही हैं जबकि चौक चौराहों पर हर जगह यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस तैनाती का दावा है। इस संबंध में इटवा प्रभारी निरीक्षक श्यामसुंदर तिवारी ने कहा जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मालवाहक वाहनों पर भी चालाक कर रहे ओबर लोडिंग
शाहपुर। नवीन मंडी स्थल सहियापुर में ऑटो व ई-रिक्शा ही नहीं अन्य वाहनों पर भी चालक जान जोखिम में डालकर ओवरलोडिंग कर रहे हैं। जिससे सड़कों पर अपनी जान के साथ-साथ आम लोगों को भी ऐसे वाहनों से खतरा उत्पन्न हो सकता है।