-ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी के एम टावर में हुई घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी के एम टावर में लिफ्ट ओवरलोड होने पर रिसेप्शन और बेसमेंट के बीच में धंस गई। इस कारण 10 से अधिक निवासी करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। मोबाइल में नेटवर्क नहीं होने के कारण वह मदद की गुहार लगाते रहे। काफी देर बाद बेसमेंट में किसी ने उनकी आवाज सुनी और कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को निकाला गया। निवासियों ने मेंटेनेंस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
सोसाइटी में रहने वाले दिनकर पांडे ने बताया कि वह रिसेप्शन से सवार हुए। लिफ्ट में करीब 10 लोग थे। लिफ्ट ओवरलोड हो गई। ओवरलोड होने के कारण लिफ्ट रिसेप्शन और बेसमेंट के बीच फंस गई। ओवरलोड होने के बाद बाद लिफ्ट का गेट नहीं खुला। और न ही लिफ्ट में लगी कोई भी बटन ने काम किया। उन्होंने बताया कि जहां लिफ्ट फंसी वहां मोबाइल में नेटवर्क भी नहीं था। नेटवर्क नहीं होने के कारण कोई भी किसी से मदद नहीं मांग सका। लिफ्ट के अंदर से आवाज लगाने के बाद बेसमेंट में किसी ने उनकी आवाज सुनी। उसके बाद वह मदद के लिए आए। उन्होंने मेंटेनेंस टीम को सूचना दी। तब जाकर लोग बाहर निकल पाए। उनका आरोप है कि सोसाइटी में लिफ्ट का रजिस्ट्रेशन अब तक नहीं कराया गया है। पिछले एक महीने के सोसाइटी में कोई नहीं कोई लिफ्ट में फंस जा रहा है। किसी दिन मेंटेनेंस की लापरवाही के कारण कोई बड़ा हादसा सोसाइटी में हो सकता है।