ग्रेनो प्राधिकरण ने तत्काल निर्माण रोकने और हटाने का दिया आदेश, फिर चलेगा बुलडोजर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
प्राधिकरण ने डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वाले 100 से अधिक माफिया व लोगों को नोटिस जारी किए हैं। सभी को तत्काल निर्माण रोकने और अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी गई है। वहीं, प्राधिकरण अन्य माफिया को भी चिह्नित कर रहा है। 400 और लोगों को नोटिस जारी होंगे। हालांकि, पूर्व में भी प्राधिकरण नोटिस जारी कर चुका है लेकिन अवैध निर्माण को रोकने के लिए कार्रवाई नहीं की गई।
दरअसल, हिंडन के डूब क्षेत्र में लगातार अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। बिसरख से लेकर मोमनाथल तक हजारों मकान और फार्म हाउस बन चुके हैं लेकिन प्रशासन और प्राधिकरण इन्हें रोक नहीं पा रहे हैं। अब एनजीटी की सख्ती के बाद प्राधिकरण ने 100 से अधिक लोगों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इनमें माफिया भी शामिल हैं। सभी डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण कर रहे हैं। प्राधिकरण के अफसरों ने बताया कि ड्रोन से सर्वे के बाद नोटिस भेजे जा रहे हैं। 400 और लोगों को नोटिस भेजे जाएंगे। सभी को निर्माण रोकने व हटाने का आदेश दिया गया है। अगर ऐसा नहीं किया गया तो प्राधिकरण अभियान चलाकर निर्माण तोड़ेगा। हाल ही में प्राधिकरण ने 10 से अधिक मकान तोड़े थे।
अवैध निर्माण पर सर्किल की जिम्मेदारी तय
हाल ही में नॉलेज पार्क के पास हिंडन के डूब क्षेत्र के कुछ खसरा नंबर पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। लगातार शिकायत के बाद भी प्राधिकरण काम नहीं कर रहा था। इस पर एसीईओ और सीईओ ने सर्किल प्रभारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद ही सर्किल प्रभारी ने कार्रवाई शुरू की है।
बिजली कनेक्शन पर एनपीसीएल को पत्र
अफसरों ने बताया कि अवैध निर्माण में एनपीसीएल के बिजली कनेक्शन मिले हैँ जबकि कंपनी को पूर्व में भी डूब क्षेत्र में बिना अनुमति के कनेक्शन देने से इंकार किया हुआ है। फिर से कंपनी को डूब क्षेत्र में कनेक्शन नहीं देने के लिए पत्र लिखा गया है। प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह का कहना है कि एनपीसीएल को कनेक्शन नहीं देने को कहा गया है।