ग्रेटर नोएडा (संवाद)। कासना स्थित जिम्स में मंगलवार को भी ओटी की सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं। एक सी सेक्शन डिलीवरी हुई है। जिम्स प्रशासन का दावा है कि अस्पताल में अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं पहले की तरह सुचारु हैं। हालांकि सोमवार को जिम्स प्रबंधन की ओर से मंगलवार से ओटी में सर्जरी भी शुरू होने का दावा किया गया था। जिम्स में 15 जून को आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल के बाद स्वास्थ्य सुविधाएं पटरी से उतरी हुई हैं। हड़ताल से पहले अस्पताल की ओटी में जहां रोजाना 40 से 50 सर्जरी होती थी। वहीं, करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी सर्जरी शुरू नहीं हो सकी हैं। अस्पताल में मंगलवार को पुलिस के पहरे से ओपीडी संचालित हुई। जिम्स के निदेशक डॉ. बिग्रेडियर राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि ओटी में मंगलवार को सी सेक्शन के एक मरीज डिलीवरी हुई है। बुधवार से सर्जरी शुरू करा दी जाएगी। हड़ताल पर गए कर्मचारियों से वापस काम पर आने की लगातार अपील की जा रही है।