ग्रेटर नोएडा (संवाद)। इकोटेक-3 स्थित उद्योग केंद्र-2 में बुधवार को श्रमिक महिलाओं के लिए निशुल्क स्तन कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। इसका आयोजन सशक्त महिला उद्यमी संगठन (एसएमयूएस) ने एनएचपीसी लिमिटेड की सीएसआर पहल और शीविंग्स के सहयोग से किया। शिविर में कारखानों में काम करने वाली और कम आय वर्ग की महिलाओं की निशुल्क जांच की गई। साथ ही उन्हें स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में बताया गया। संगठन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर पहचान बेहद जरूरी है।