ग्रेनो वेस्ट के जिम मालिक और प्रबंधक पर केस दर्ज करने का आदेश
मेंबरशिप शुल्क वसूलने के बावजूद प्रवेश नहीं देने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के एक जिम प्रबंधक पर मेंबरशिप शुल्क लेने के बावजूद प्रवेश न देने पर न्यायालय ने केस दर्ज करने का आदेश दिया है। आरोप है कि प्रबंधक गोल्ड जिम का लोगो गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा था। न्यायालय ने बिसरख कोतवाली पुलिस को केस दर्ज कर एक सप्ताह में आख्या पेश करने का आदेश दिया है।
एडवोकेट वीरेंद्र नागर ने बताया कि ग्रेनो वेस्ट में रहने वाले गाजियाबाद जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात निकेतन कुमार व उनकी पत्नी ने न्यायालय में अर्जी दी कि गोल्ड जिम द्वारा संचालित एव्री-डे फिटनेस सेंटर में उन्होंने मेंबरशिप ली। वह 45 दिनों के लिए शहर से बाहर चले गए। वापस लौटकर निकेतन की पत्नी ने ट्रेनर रानू सिंह से अनुरोध किया कि वह मेंबरशिप की तिथि आगे बढ़ा दें, लेकिन इससे इन्कार कर महिला से अभद्रता की गई। आरोप है कि जानकारी जुटाने पर पता चला कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गोल्ड जिम का लोगो गलत तरीके से प्रयोग किया जा रहा है। यह गोल्ड जिम की आधिकारिक शाखा नहीं है। कोर्ट ने जिम मालिक और प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया है।