मिगसन अल्टिमो सोसाइटी के निवासियों ने पुलिस से की शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर की मिगसन अल्टिमो सोसाइटी के निवासियों ने अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के चुनाव का विरोध किया है। आरोप है कि अभी काफी कार्य लंबित है। निर्माण पूरा होने के बाद ही चुनाव कराया जाए।
साथ ही होली के त्योहार के दौरान चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने का भी विरोध किया है और इस संबंध में सूरजपुर कोतवाली पुलिस से लिखित शिकायत की है। सोसाइटी प्रबंधन पर माहौल खराब करने का भी आरोप लगाया है। निवासियों ने बताया कि सभी जगह होली का त्योहार मनाया जा रहा है लेकिन सोसाइटी में एओए का चुनाव कराया जा रहा है। एक से 7 मार्च के बीच नामांकन करने की तिथि तय कर दी है, जबकि सभी त्योहार में व्यस्त हैं। निवासियों ने इस प्रक्रिया का विरोध किया है। इस संबंध में निवासियों ने रविवार को सूरजपुर कोतवाली पुलिस से शिकायत कर चुनाव की प्रक्रिया को त्योहार के दौरान रुकवाने की मांग की है, जिस पर पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। शिकायत करने वालों में दिनेश पांडेय, राजपाल, नितिन चौधरी, अनिल वर्मा, आलोक और यतींद्र त्रिपाठी शामिल रहे।