जन्मतिथि और पूरे नाम में बदलाव ऑफलाइन
प्रधानाचार्य के लॉगइन से होगा संशोधन
समयसीमा का रखें ध्यान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शैक्षिक विवरणों में संशोधन का एक और मौका दिया गया है। इसके लिए परिषद की वेबसाइट पर 12 नवंबर 2026 की रात 12 बजे तक पोर्टल खुला रहेगा। इसके बाद ऑनलाइन संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि विद्यार्थी के नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, विषय, वर्ग, लिंग, जाति, माध्यम, फोटो और कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के गलत अनुक्रमांक में सुधार कराया जा सकता है।
सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों के विवरणों की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। त्रुटि मिलने पर प्रधानाचार्य यूपी बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉगइन कर ऑनलाइन संशोधन कर सकेंगे।
विद्यार्थी की जन्मतिथि, विद्यार्थी या माता-पिता के पूरे नाम में संशोधन और विवरण डिलीट या रिस्टोर कराने के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा। ऐसे प्रकरणों में जरूरी दस्तावेजों के साथ 16 नवंबर 2026 तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद संशोधन का कोई अतिरिक्त मौका नहीं मिलेगा। ऐसे में विद्यार्थियों और अभिभावकों को अपने शैक्षिक विवरणों की जांच कर समय रहते विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क करना चाहिए, ताकि भविष्य में प्रवेश पत्र और परीक्षा संबंधी अभिलेखों में परेशानी न हो।