- बैंकिंग, फाइनेंस और डिजिटल क्षेत्र की कंपनियां हुईं शामिल, 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को दनकौर स्थित श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने युवाओं को नौकरी के अवसर दिए। कंपनियों की ओर से 14,500 रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन वाली नौकरियों की पेशकश की गई। इसमें 18 से 30 वर्ष तक के युवाओं ने हिस्सा लिया।
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, बीपीओ, केपीओ, बैंकिंग, फाइनेंस, फिनटेक और ई-कॉमर्स क्षेत्र की कंपनियां शामिल हुईं। इनमें डिक्सन, डीएस फूड्स, आर्या फैशन और एडीजे इंजीनियरिंग सहित कई कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मारुति के लिए भर्ती करने वाली कंपनी ने बीएससी पास अभ्यर्थियों को पांच लाख रुपये से अधिक सालाना पैकेज का अवसर दिया।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक उत्तीर्ण युवाओं के लिए रिक्तियां थीं। कंपनियों में न्यूनतम तीन से अधिकतम 550 पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और विशिष्ट अतिथि राकेश कुमार गर्ग ने युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।