-नोएडा एयरपोर्ट पर यात्रियों के आगमन-प्रस्थान का ट्रायल करा सुरक्षा और व्यवस्था की हुई जांच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को ऑपरेशनल रेडिनेस एंड एयरपोर्ट ट्रांसफर (ओआरएटी) ट्रायल सफल रहा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस ट्रायल के पूरा होने को माइलस्टोन अपडेट माना है। इस दौरान यात्रियों को नोएडा एयरपोर्ट से एक अन्य शहर के लिए बोर्डिंग और एयरसाइड तक ले जाया गया। इसके बाद एयरपोर्ट से निकासी तक सभी सुरक्षा और व्यवस्था के मानकों का टेस्ट किया गया।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान के लिए जहां 15 दिसंबर की तिथि निर्धारित कर दी गई है। इसके पूर्व एयरपोर्ट पर सभी ट्रायल पूरे कर इसके मानकों का परीक्षण किया जा रहा है। इसमें यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाएं और सुरक्षा पर ट्रायल किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को भी नोएडा एयरपोर्ट से एक अन्य शहर के लिए यात्रियों का ट्रायल किया गया। इस ट्रायल में एयरपोर्ट के कर्मचारियों के परिवार व दोस्तों को शामिल किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर 60 यात्रियों को सभी दस्तावेजों के साथ जांच करते हुए चेक इन कराया गया। इसके बाद बोर्डिंग पास जारी करते हुए उनके लगेज की गहनता से जांच की गई। इसके बाद यात्रियों को दोबारा जांच से गुजरना पड़ा और एयर साइड पर बोर्डिंग कराते हुए ले जाया गया। यहां से कुछ देर बाद उनको निकास द्वार तक मानकों को पूरा कराते हुए ले जाया गया। ट्रायल में वाहनों को पार्किंग में खड़ा करना, एयरपोर्ट में प्रवेश के दौरान स्वागत, यात्रियों की गहनता से जांच, उनके लगेज की जांच, लिफ्ट-एस्कलेटर आदि का परीक्षण किया गया। एनआईए ने इस ट्रायल को माइल स्टोन बताया है।
-
वर्जन
एयरपोर्ट पर काम पूरे हो चुके हैं। एयरोड्रम लाइसेंस और बकास से सिक्योरिटी क्लियरेंस मिलने का इंतजार है। इसके बाद कॉमर्शियल फ्लाइट शुरू हो पाएंगीं। अगले महीने कमर्शियल ऑपरेशन शुरू होने की उम्मीद है। इससे पहले नवंबर के अंत में उद्घाटन भी नोएडा एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री कर सकते हैं।
- राकेश कुमार सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण