ग्रेटर नोएडा के परी चौक से सूरजपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर खुला पडा नाला । अमर उजाला
हादसे को न्यौता दे रहा सूरजपुर-कासना रोड पर बना नाला, सीईओ से शिकायत के बाद हुई कार्रवाई,
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर-कासना रोड पर मौजूद करीब छह किमी लंबे लोहिया नाला खुला पड़ा है। यहां इसे कवर नहीं किए जाने और इसकी करीब 12 फुट से अधिक गहराई हादसे को न्योता देती है। शिकायतों के बाद अब ग्रेनो प्राधिकरण सूरजपुर से परी चौक के बीच इसे कवर कराएगा। करीब आठ करोड़ रुपये इस परियोजना पर खर्च होने हैं।
सीईओ रवि कुमार एनजी ने परियोजना विभाग को जल्दी ही यहां काम शुरू कराने के लिए कहा है। इसके बाद तैयार कराए गए प्रोजेक्ट में इसे छह महीने के अंदर कवर कराने की तैयारी है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के पानी के निकासी के लिए यह नाला महत्वपूर्ण है। इसकी रिटेरिंग वाॅल ऊंची होने की वजह से सर्विस लेन या मुख्य सड़क से वाहनों को खतरा नहीं था। अब यहां लेकिन आबादी और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने की वजह से हादसे की आशंका बनी रहती है। इसलिए इसे कवर कराया जाना है। प्राधिकरण के अनुसार नाले के ऊपर प्री-कास्ट हॉलो कोर स्लैब कवर के रूप में रखे जाएं। इससे बारिश के पानी की निकासी इससे सुलभ होगी। वहीं नाले में बनने वाली मीथेन गैस आदि को भी निकलने में आसानी होगी।
पानी निकासी के लिए बनेगा नाला
जुनपत में छह प्रतिशत आबादी भूखंडों के लिए पानी की निकासी के लिए नाला बनेगा। करीब 2800 मीटर लंबे नाले का निर्माण भी प्राधिकरण ने यहां शुरू करा दिया है। लंबे समय से यहां जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी होती थी। इसके अलावा प्राधिकरण ने यहां आंतरिक सड़कों, सीवर, पानी और विद्युतीकरण के कामों को भी शुरू करा दिया है।
अतुल भारद्वाज