- 4 हजार दर्शकों के बैठने की होगी व्यवस्था, निशुल्क रहेगा प्रवेश
नोएडा। नोएडा स्टेडियम में तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन गेमिंग प्रतियोगिता का आगाज होगा। इसमें देशभर से बीजीएमआई के 64 खिलाड़ी मुकाबला करेंगे। बृहस्पतिवार को इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सेक्टर 21ए स्थित इंडोर स्टेडियम में आज से प्रतियोगिता शुरू होगी। यह अगले तीन दिन यानी 10 अगस्त तक चलेगी, जिसमें अलग- अलग श्रेणियों में मुकाबले होंगे। विजेता को इनामी धनराशि प्रदान की जाएगी। यह तीसरी बार होगा जब कोई राष्ट्रीय स्तर का ऑनलाइन खेल नोएडा इंडोर स्टेडियम में होगा। स्टेडियम के खेल प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि इंडोर स्टेडियम में चार हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। उन सभी का प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क रहेगा। इसके लिए उन्हें सबसे पहले स्टेडियम आकर अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके अलावा दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिया जा सके, इसके लिए भी बैरिकेडिंग लगाई गई है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैले। साथ ही इंडोर स्टेडियम में भव्य मंच तैयार किया गया है।
एक साथ कई प्लेटफॉर्म पर होगा लाइव प्रसारण
आयोजकों ने बताया कि देश-दुनियाभर के करीब 200 मिलियन से अधिक लोगों के सीधा ऑनलाइन माध्यम से जुड़ने की संभावना है। ऐसे में लाइव प्रसारण की भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।