-31 मार्च तक किया जा सकता है नौवीं में दाखिले के लिए आवेदन
-दाखिला संबंधी जानकारी के लिए होंगे काउंसलिंग सत्र व वेबिनार
-03 चरणों में चलेगी प्रकिया, सुबह की पाली में चलेगा यह स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के पहले दिल्ली मॉडल वर्चुअल स्कूल (डीएमवीएस) में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के तहत नौंवीं कक्षा में दाखिले की दौड़ शुरू हो गई है। डीएमवीएस www.dmvs.ac.in की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन 31 मार्च तक किया जा सकता है। दाखिले की प्रक्रिया तीन चरणों में चलेगी। पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा, दूसरे चरण में आवेदनों की संख्या के आधार पर ऑनलाइन परीक्षा होगी, जबकि तीसरे चरण में दाखिले की पुष्टि और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
यह स्कूल सुबह की पाली में चलेगा। शाम की पाली का प्रावधान आवेदकों की मांग पर ही निर्भर करेगा। मालूम हो कि दिल्ली बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (डीबीएसई) से संबद्ध इस स्कूल को दिल्ली सरकार ने वर्ष 2022 में शुरू किया था। यह कहीं से भी सीखने और परीक्षण के सिद्धांत पर कार्य करता है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के तहत अभी केवल नौवीं में दाखिले के लिए प्रक्रिया को शुरु किया गया है। इसके माध्यम से छात्र घर बैठे अपनी पढ़ाई कर सकते हैं। इसमें परीक्षा माध्यम ऑनलाइन ही है। इस स्कूल की दाखिला प्रक्रिया संबंधी जानकारी के लिए शिक्षा निदेशालय ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
-
मान्यता प्राप्त स्कूल से आठवीं करने वाले ले सकेंगे दाखिला
भारत के किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल के आठवीं पास छात्र यहां दाखिला ले सकते हैं। दाखिले के लिए आवेदक की आयु 31 मार्च तक 13-18 वर्ष तक होनी चाहिए। दिशा-निर्देशों के अनुसार छात्रों को स्कूल व दाखिले की जानकारी देने के लिए ऑनलाइन वेबिनार सीरीज व काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे।