- औद्योगिक क्षेत्रों में कड़ी रही सुरक्षा, शांति के बीच मनाया गया श्रमिक दिवस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/नोएडा। श्रमिक दिवस पर श्रमिकों के प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए शुक्रवार शहर में पुलिस अलर्ट रही। संवेदनशील स्थानों पर 50 ड्रोन की मदद से गतिविधियों पर नजर रखी गई। औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस बल को तैनात किया गया। वहीं पुलिस अधिकारी भी गश्त पर रहे।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में ग्रेटर नोएडा जोन में बीटा-2, कासना, नॉलेज पार्क, ईकोटेक-1, दनकौर, जेवर, दादरी, जारचा, रबूपुरा के अलावा सेंट्रल जोन के अधीन आने वाले थाना सूरजपुर, ईकोटेक-3, सेक्टर-142 आदि थाना क्षेत्रों में सुबह पांच बजे से डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और एसएचओ ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाल लिया। औद्योगिक क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
सुबह की शिफ्ट से ही बड़ी संख्या में श्रमिक अपने-अपने कार्यस्थलों पर पहुंचे और उत्साह के साथ श्रमिक दिवस मनाया। कई कंपनियों में श्रमिकों के सम्मान में छोटे-छोटे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जहां प्रबंधन ने उनके योगदान की सराहना की।
इसी 13 अप्रैल को श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद से एक मई को श्रमिक फिर से प्रदर्शन करने की आशंका जताई जा रही थी। ऐसे में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर यह सुनिश्चित किया था कि पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे। कुछ कंपनियां बुद्ध पूर्णिमा के कारण बंद रहीं, लेकिन अधिकांश औद्योगिक इकाइयों में कामकाज सामान्य रूप से चलता रहा। वहीं सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने नोएडा और सेंट्रल नोएडा जोन में फ्लैग मार्च किया। संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। मौके पर तैनात अधिकारियों से हर गतिविधि की जानकारी ली गई। इस दौरान उन्होंने कई श्रमिकों से भी बातचीत की। इसके साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए 82 स्थानों पर आम लोगों को शासन की तरफ से दी गई सुविधाओं को बताया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कमिश्नरेट को जोनल-सेक्टर योजना के तहत 11 जोन और 49 सेक्टर में बांटा गया था। इसमें नोएडा जोन को 4 जोन व 16 सेक्टर, सेंट्रल नोएडा को 3 जोन व 24 सेक्टर और ग्रेटर नोएडा को 4 जोन व 9 सेक्टर में विभाजित किया गया था। जनपद में 8 मई तक धारा 163 लागू है।