ग्रेटर नोएडा (संवाद)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे दिन इंडिया एक्सपो मार्ट के हॉल नंबर-15 स्थित खेल विभाग के पवेलियन में विशेष कार्यक्रम हुआ। इसमें ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी व अर्जुन अवार्डी महेंद्र पाल सिंह और ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी व लक्ष्मण अवार्डी दानिश मुज्तबा पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने खेल विभाग की योजनाओं की जानकारी लेने के साथ पवेलियन में प्रदर्शित स्टेडियम के मॉडलों का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए संचालित योजनाओं की सराहना की। खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और लक्ष्य तय कर मेहनत करने का संदेश दिया। मुख्य अतिथियों का स्वागत प्रशासनिक उप निदेशक संतोष उपाध्याय, रीजनल अधिकारी जितेंद्र कुमार और प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने किया। इस दौरान अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। पवेलियन में लोगों को प्रदेश की खेल नीति, खेलो इंडिया और युवा कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।