संवाद न्यूज एजेंसी
-
नोएडा। नवयुवकों में बढ़ रहे नशे के प्रचलन पर लगाम लगाने के मकसद से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने नूरी गैंग के छह आरोपियों पर गैंगेस्टर की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक 30 जून की सुबह करीब तीन बजे सेक्टर-20 थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 किलो गांजा बरामद किया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जेजे कॉलोनी सेक्टर-9 एवं सेक्टर-10 निवासी आमिर खान (27), मनोज कुमार (39), प्रकाश शाह (57), फिरोज (55) और पप्पू कुमार (38) शामिल है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नूरी गिरोह के सदस्य हैं। उनकी सरगना नूरी सेक्टर-9 स्थित बैंक ऑफ इंडिया के बगल रहती है। पुलिस की लगातार दबिश और कसते शिकंजे की वजह से नूरी ने 23 जुलाई को न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर अपना जुर्म कुबूल किया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी गांजा तस्करी से संबंधित प्राथमिकी दर्ज है। इन मामलों में उसके खिलाफ न्यायालय में कार्रवाई की जा चुकी है। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि आरोपियों पर गैंगेस्टर की धारा में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।