बुलंदशहर से यमुना एक्सप्रेसवे तक सड़क चौड़ी हुई लेकिन पुल अब भी अधूरा है। इसके आसपास की सड़कें टूटी हैं जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की मुसीबत बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क बनाने के बाद अधिकारी पुल के आसपास सड़कें बनाना भूल गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग से दिल्ली, नोएडा और मथुरा-आगरा की ओर आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहन और दोपहिया सवार गुजरते हैं। भाईपुर निवासी करण का कहना है कि पुल पर पक्की सड़क न होने और जगह-जगह गहरे गड्ढे उभर आने से स्थिति बेहद खराब हो गई है। गड्ढों और उड़ती धूल से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। रबूपुरा निवासी अनिल ने बताया कि बारिश के दौरान वाहन चालकों के लिए यह जगह किसी खतरे से कम नहीं है। जलभराव होने से यहां पर फिसलन हो जाती है।