ग्रेटर नोएडा। देश के लिए शहीद हुए गांव डाबरा निवासी सुरेश भाटी के परिजनों से प्रशासन के अधिकारियों ने मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बताते चलें कि जम्मू कश्मीर में वीरगति को प्राप्त हुए सुरेश भाटी के परिवार को सम्मान न मिलने को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत की घोषणा की थी।
इस मौके पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेंद्र भाटी एडवोकेट ने बताया कि डाबरा गांव निवासी सुरेश भाटी जम्मू कश्मीर में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। लेकिन शासन प्रशासन की लापरवाही के चलते शहीद परिवार को आज तक भी कोई सम्मान नहीं मिला है। शहीद परिवार को उचित सम्मान दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे। इसी क्रम में रविवार को पंचायत बुलाई गई थी। लेकिन पंचायत से पहले शहीद परिवार से मिलने एसीपी दादरी अजीत कुमार सिंह व कोतवाली प्रभारी पहुंचे। उन्होंने कहा कि सम्मान दिलाने के लिए प्राधिकरण, पुलिस और जिला प्रशासन गंभीर है। एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। भाटी ने मांग रखी कि शहीद के सम्मान में शहीद पथ के साथ साथ गोल चक्कर का नामकरण शहीद के नाम पर किया जाए। परिवार को प्राधिकरण द्वारा आबादी प्लॉट, कृषि भूमि का पट्टा और आर्थिक मदद की जाए। इस अवसर पर बार सचिव अजीत नागर, महेश गुप्ता, श्याम सिंह भाटी, नीरज भाटी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो