कोई पश्चिम विक्षोभ नहीं आने और धूप निकलने से हुआ गर्मी का अहसास
चार नवंबर के बाद अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
राजधानी में वर्ष 1951 के बाद अक्तूबर सबसे गर्म रहा। कोई पश्चिमी विक्षोभ नहीं आने और कड़ी धूप निकलने से गर्मी का अहसास हुआ। अक्तूबर में सफदरजंग केंद्र का औसत अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो बीते कुछ सालों में कभी इतना नहीं रहा। 1951 में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। वर्ष 1930 और 1938 में औसत अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
मौसम विभाग की मानें तो अगले सप्ताह भी मौसम में ज्यादा बदलाव के आसार नहीं है। नवंबर की शुरुआत हो चुकी है और शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33.6 और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिम विक्षोभ नहीं आने से अभी गर्मी सता ही रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार चार नवंबर के बाद से उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री के बीच रहेगा। इस कारण सुबह व शाम को हल्की ठंड का अहसास होगा। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी का अहसास हो सकता है।
एक सप्ताह का पूर्वानुमान तापमान
तारीख
अधिकतम तापमान
न्यूनतम तापमान
2 नवंबर
34.0 डिग्री
19.0 डिग्री
3 नवंबर
33.0 डिग्री
18.0 डिग्री
4 नवंबर
33.0 डिग्री
18.0 डिग्री
5 नवंबर
32.0 डिग्री
16.0 डिग्री
6 नवंबर
33.0 डिग्री
16.0 डिग्री
07 नवंबर
32.0 डिग्री
16.0 डिग्री