शादी का झांसा देकर कई बार कराया गर्भपात, अब कर रहा शादी से इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने दूर के एक रिश्तेदार पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया और गर्भपात कराया। अब युवक शादी से इन्कार कर रहा है। आरोप है कि पीड़ित को अश्लील फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से बदायूं निवासी एक युवती ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में नर्स के रूप में तैनात है। वह कस्बा दनकौर में किराये के मकान में अकेली रहती है। आरोप है कि दो साल पहले दूर का एक रिश्तेदार जन्मदिन की पार्टी में उसके कमरे पर आया। जहां आरोपी ने धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई तो दोनों पक्षों ने आरोपी से शादी करने का निर्णय कर समझौता करा दिया। इस पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत नहीं की। आरोप है कि इसके बाद शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर रहा था। अब आरोपी शादी करने से इन्कार कर रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर जांच की जा रही है।