पानीपत। नगर निगम शहर में फैंसी और दूसरी स्ट्रीट लाइटों पर पहचान के लिए नंबर लगाएगा। इससे लाइटों के खराब होने पर नंबर के आधार पर मरम्मत करना आसान होगा और इसका रिकॉर्ड भी बनाया जाएगा। इससे लाइट की मरम्मत की भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं फैंसी लाइटों का भुगतान रोकने पर सप्लाई रोकने के मामले में निगम ने ठेकेदार से बात की है और उनको नियमानुसार भुगतान करने का भरोसा दिया है।
शहर में असंध रोड, जाटल रोड, गोहाना रोड और सेक्टर-25 समेत सात स्थानों पर फैंसी लाइट लगाई गई हैं। इसके अलावा शहर में स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। शहरी में 35 से 40 हजार स्ट्रीट लाइट लगाने की बात कही जा रही हैं। जबकि नगर निगम के पास इन लाइटों का कोई रिकॉर्ड नहीं है। नगर निगम अब इनका रिकॉर्ड बनाएगा और स्ट्रीट लाइटों पर नंबर लगाएगा।
विज्ञापन
जांच के दौरान जरूरत महसूस की
नगर निगम की कमेटी ने फैंसी लाइटों का भुगतान करने के लिए मौका देखा। कमेटी को किसी भी जगह स्ट्रीट लाइट की अपनी पहचान नहीं मिली। कोई किसी की दुकान तो कोई किसी के मकान पर पहचान मिली। किसी भी पोल या स्ट्रीट लाइट पर नंबर अंकित नहीं किया गया था। कमेटी की अध्यक्ष नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने इन पर नंबर लगाने की जरूरत बताई। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में भी इसकी सिफारिश की है। वहीं नगर निगम के तकनीकी अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं।
फैंसी और स्ट्रीट लाइटों की नंबरिंग की जाएगी। इसकी प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। इससे लाइटों की नंबर के आधार पर पहचान होगी और मरम्मत कराना आसान होगा। निगम के पास इसका रिकॉर्ड भी बनाया जाएगा।