- 26 अक्तूबर को तैयार होगी अंतिम सूची, राजनीतिक दलों से मांगीं आपत्तियां
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों और बूथों की संख्या कम होगी। संभाजन के बाद बूथों की संख्या 1925 तय की गई है और इस पर राजनीतिक दलों से आपत्तियां मांगी गई हैं। 26 अक्तूबर को अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह ने बताया कि एसआईआर के बाद भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और बूथों का संभाजन किया गया है। इस संबंध में बुधवार को सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक की गई। उन्हें बताया गया कि 1200 मतदाताओं पर एक बूथ बनाया गया है। बूथों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल स्थापित करने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के तहत की जा रही है।
16 से 18 अक्तूबर के बीच बूथों का भौतिक सत्यापन और पुनर्निर्धारण किया गया। 19 अक्तूबर को मतदेय स्थलों की सूची का प्रकाशन किया गया और आपत्तियां व सुझाव मांगे गए। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध कराई गई। 23 अक्तूबर तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। सभी आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण के बाद 26 अक्तूबर को मतदेय स्थलों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसे 27 अक्तूबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजा जाएगा। वहां से अनुमोदन होने के बाद मतदान केंद्रों और बूथों की संख्या अंतिम रूप से तय होगी।
जिले में मतदान केंद्रों और बूथों पर नजर
विधानसभा क्षेत्र
मौजूद केंद्र/बूथ प्रस्तावित केंद्र/बूथ
नोएडा 233/811 232/784
दादरी 303/794 327/746
जेवर 207/419 204/395
कुल 743/2024 763/1925