-26 हजार से अधिक किसानों की अब तक बन चुकी है आईडी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले ने किसानों के हित में शुरू की गई सरकार की महत्वाकांक्षी एग्री स्टैक फार्मर आईडी योजना में प्रदेश स्तर पर अग्रणी स्थान हासिल किया है। जिले में अब तक 26 हजार 112 से अधिक किसानों की फार्मर आईडी जेनरेट की जा चुकी है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित विभागों, फील्ड टीमों और तकनीकी स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान की फार्मर आईडी समयबद्ध रूप से बनाई जाए, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। उपायुक्त ने बताया कि फार्मर आईडी किसानों की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहचान है, जिसके माध्यम से सब्सिडी, फसल बीमा, ऋण, मुआवजा और अन्य सरकारी लाभ सीधे, पारदर्शी और समय पर प्राप्त होंगे। जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव विशेष अभियान चलाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है और मौके पर ही आईडी बनाई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर स्वयं और अन्य किसानों की फार्मर आईडी बनवाने में सहयोग करें, क्योंकि भविष्य में सभी कृषि योजनाओं का लाभ इसी आईडी के माध्यम से दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से योजना का लाभ उठाकर अपनी आईडी जल्द से जल्द बनवाने की अपील की। ताकि उन्हें सरकार की ओर से जारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।