शिक्षा के क्षेत्र में रजत तथा कौशल विकास के क्षेत्र में कांस्य पुरस्कार मिला
दादरी (संवाद)। नई दिल्ली में आयोजित 12वें नेशनल सीएसआर समिट में एनटीपीसी दादरी को सीएसआर टाइम्स अवॉर्ड की दो श्रेणियों में सम्मानित किया गया। संस्थान को शिक्षा के क्षेत्र में रजत तथा कौशल विकास के क्षेत्र में कांस्य पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेखा शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहीं। सीएसआर टाइम्स अवॉर्ड देश के नैगम सामाजिक दायित्व क्षेत्र के प्रतिष्ठित पुरस्कारों में है। एनटीपीसी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों की आधारभूत संरचना को उन्नत कर मॉडल स्कूलों में परिवर्तित किया गया। इससे स्मार्ट कक्षाओं, आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है। बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा तथा नृत्यकला से संबंधित कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
आईटीआई के माध्यम से युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान कर तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। युवाओं को आत्मनिर्भर, दक्ष और रोजगारोन्मुख बनाने में संस्था ने योगदान दिया है। यह सम्मान एनटीपीसी की ओर से महाप्रबंधक मानव संसाधन श्रेता व कार्यपालक नैगम संचार के सुयस ठाकुर ने प्राप्त किया।