दिल्ली पुलिस के 76वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में बोले अमित शाह
पुलिस स्टेटस के सत्यापन के लिए 15 नहीं पांच दिन में ही ऑनलाइन मिल जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस के 76वें स्थापना दिवस के मौके पर न्यू पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अब दिल्ली में पासपोर्ट सत्यापन टैबलेट से किया जाएगा। दिल्ली जैसे शहर में समय का महत्व हम बखूबी समझते हैं। अब दिल्ली में बसे देश के नागरिकों को पासपोर्ट लेने के लिए पुलिस स्टेटस के सत्यापन के लिए 15 दिन की राह नहीं देखनी पड़ेगी। पांच दिन में ही उन्हें यह ऑनलाइन मिल जाएगा। इसके लिए लोगों को कहीं जाने की जरूरत नहीं। दिल्ली में रोजाना औसत 2000 पासपोर्ट के आवेदन प्राप्त होते हैं। ऑनलाइन होने से जनता को लाभ होगा और दिक्कतें कम होंगी।
उन्होंने कहा कि आजादी से पहले पुलिस के काम में सेवा का सूत्र नहीं था। पहले पुलिस आंतरिक कानून-व्यवस्था खासकर अंग्रेजी शासन के हितों की रक्षा करती थी, लेकिन आजादी के बाद पुलिस ने खुद को बदला और शांति सेवा व न्याय को लेकर काम में परिवर्तन लेकर आई। उन्होंने कहा कि अभी कुछ समय पहले देश और विश्व ने सदी की सबसे बड़ी महामारी देखी। उस दौरान दिल्ली पुलिस का भी मानवीय चेहरा सामने आया। उन्होंने एक-एक व्यक्ति की सेवा कर छवि को बदल दिया और दिल्ली पुलिस की विश्वभर में तारीफ हुई। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के कई पूर्व पुलिस आयुक्त, केंद्रीय गृह सचिव, दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी के साथ साथ दिल्ली पुलिसकर्मियों के परिजन शामिल हुए।