नगर निगम ने भवन कर अनुभाग के लिए तैयार किए गए नए ऑनलाइन पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया। अब शहर के नागरिक घर बैठे भवन कर का भुगतान कर सकेंगे एवं नामांतरण से जुड़े आवेदनों की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर पाएंगे।
विज्ञापन
मेयर शंभू पासवान ने कहा कि यह डिजिटल पहल नागरिकों को सरल, सुरक्षित और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कोई भी व्यक्ति अब अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से 24 घंटे भवन कर सेवाओं तक पहुंच बना सकता है।
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल से भवन कर संबंधी प्रक्रियाएं और अधिक पारदर्शी व तेज होंगी, जिससे नागरिकों का समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह डिजिटल समाधान शहर के प्रशासनिक प्रबंधन को और सशक्त बनाएगा और विकास की गति को बढ़ाएगा। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, कर अधीक्षक अनिल कुमार पंत, कर निरीक्षक यशवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।