नोएडा। रविवार को भी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने के विरोध में नोएडा बार एसोसिएशन ने अब हर शनिवार–रविवार को हड़ताल का एलान किया है। वहीं नोएडा बार एसोसिएशन के आह्वान पर रविवार को भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूर रहे। इससे रजिस्ट्री से जुड़े काम प्रभावित हुए। अधिवक्ताओं का कहना है कि लगातार सातों दिन काम करना व्यावहारिक नहीं है। इससे कार्य क्षमता पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
नोएडा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण डेढ़ा ने कहा कि अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के लिए साप्ताहिक अवकाश जरूरी है। यदि रविवार को भी कार्यालय खोले जाएंगे तो इसका असर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ साथ अधिवक्ताओं की कार्यक्षमता पर पड़ेगा। वकीलों के विरोध की वजह से पिछले रविवार एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। शनिवार को भी यही स्थिति रही।
सरकार ने शहरवासियों की राहत के लिए रविवार को कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। पहले रविवार को कभी कभी शिविर लगाकर रजिस्ट्री होती थी, अब हर रविवार रजिस्ट्रियां हो सकेंगी। -अरूण कुमार मिश्रा, एआईजी प्रथम, स्टांप एवं निबंधन विभाग