अब बिसरख ब्लॉक के पाली पहला मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट स्कूल का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें कक्षा आठवीं तक की पढ़ाई कराई जाएगी। इस पर लागत का अनुमान 1.24 करोड़ रुपये है। पहले चरण में 77 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। पहले स्कूल जेवर ब्लॉक में बनाया जाना था।
नई शिक्षा नीति के तहत अभ्युदय स्कूल का निर्माण कराया जाएगा। पहली बार परिषदीय स्कूल में पीजी, केजी और नर्सरी की कक्षाएं शुरू होंगी। छात्रों को हाईटेक भवन के साथ अन्य सुविधाएं मिलेंगी। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट कक्षाओं में छात्रों को पढ़ाया जाएगा। एक लाइब्रेरी होगी, जिसमें छात्रों को बैठकर पढ़ने के लिए सभी सुविधाएं मिलेंगी। कंप्यूटर लैब, साइंस और रोबोटिक्स के बारे में सीखने के लिए मॉड्यूलर कंपोजिट लैब, स्मार्ट क्लासरूम और स्टाफ रूम भी होंगे। बाल वाटिका, न्यूट्रिशन गार्डन, वाईफाई और आनलाइन सीसीटीवी निगरानी की सुविधाएं भी होगी।
स्कूल में मॉड्यूलर डेस्क की सुविधा दी जाएगी है। छात्रों को ध्यान में रखकर फर्नीचर लगाया जाएगा। छोटे छात्रों के लिए अलग से कुर्सी और मेज की व्यवस्था होगी। ताकि पढ़ाई करने में उन्हें परेशानी न हो। मिड-डे मिल की सुविधा मिलेगी। स्कूल के शिक्षकों को अलग से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की मदद से ट्रेनिंग दी जाएगी। छात्रों को पढ़ाई के साथ ही कौशल में भी निपुण बनाया जाएगा।
जनपद में पहला मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट स्कूल पाली में बनाया जाएगा, जिसके लिए 77 लाख रुपये का बजट मिल चुका है। इसमें पीजी, केजी और नर्सरी की कक्षाएं भी शुरू होंगी।
- राहुल पंवार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी