गति सीमा बढ़ाई गई, कल से लागू होगा नियम
माई सिटी रिपोर्ट
नोएडा। जिले में छह प्रमुख मार्गों पर वाहन अब पुरानी रफ्तार से चल सकेंगे। सर्दी में कोहरे की वजह से 15 दिसंबर से वाहनों की गति सीमा घटाई गई थी। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख सड़कों, एक्सप्रेसवे, डीएनडी पर वाहनों की गति सीमा कम कर दी थी। नोएडा ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी लखन यादव ने बताया कि नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे, एमपी टू एलिवेटेड रोड सहित शहर की छह प्रमुख सड़कों पर 16 फरवरी यानी रविवार से वाहन पुरानी रफ्तार में चल सकेंगे।
एक्सप्रेसवे पर चार पहिया वाहन अब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे, जो दिसंबर में घटाकर 75 किमी प्रतिघंटा की गई थी। भारी वाहन के लिए गति सीमा 80 किमी प्रतिघंटा की गई है, जो पहले 60 किमी प्रति घंटा थी। एमपी टू स्थित एलिवेटेड रोड पर हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 50 किमी, भारी वाहनों के लिए 40 किमी प्रति घंटा कर दी गई थी, जिसे अब फिर से बढ़ा दिया गया है।
मास्टर प्लान रोड नंबर-1 (डीएनडी टोल प्लाजा से सेक्टर-57 चौराहा), मास्टर प्लान रोड नंबर-2 (सेक्टर-18 से सेक्टर-60 अंडरपास), मास्टर प्लान रोड नंबर-3 (कालिंदी कुंज से सेक्टर-122), रोड नंबर-6 (सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-71 अंडरपास) और डीएससी (दादरी-सूरजपुर-छलेरा) रोड पर भी वाहनों की गति सीमा को बढ़ा दिया गया है। दिसंबर में इन सड़कों पर वाहनों की गति सीमा 60 किमी प्रति घंटा कर दी गई थी, जिसे अब फिर से 80 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है।