नौ कोचिंग सेंटर को और बंद करने का नोटिस जारी
ग्रेटर नोएडा। जिले में संचालित कोचिंग सेंटरों पर शिक्षा विभाग की नजर तेज हो गई है। शनिवार को नौ कोचिंग संचालकों को फिर से नोटिस जारी किए गए हैं। पिछले एक महीने से चल रहे विशेष निरीक्षण अभियान में नौ कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा मानकों और जरूरी सुविधाओं में गंभीर खामियां मिली हैं। जांच के बाद विभाग ने इन सभी सेंटरों को बंद करने का नोटिस जारी करते हुए संचालकों से जवाब मांगा है। जांच के दौरान कई सेंटरों में फायर सेफ्टी उपकरण पर्याप्त या मानकों के अनुरूप नहीं मिले। कुछ जगह भौतिक सुविधाओं की कमी मिली, जबकि कई कोचिंग सेंटर बिना पंजीकरण के संचालित होते पाए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि मैथ्स एकेडमी कोचिंग सेंटर, सादोपुर की झाला, शहीद भगत सिंह ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, गिरधरपुर रोड लालबहादुर शास्त्री इंस्टीट्यूट, राम विहार कॉलोनी एकेडमिक वर्ल्ड, गिरधरपुर रोड विजयपथ कोचिंग सेंटर, सादोपुर श्री राम कोचिंग सेंटर, कासना रोड बिलासपुर द वेदांत एकेडमी, मानसरोवर पार्क बिसरख एएच कोचिंग सेंटर, सिरसा और फिजिक्स कोचिंग सेंटर, टेकजोन निराला एस्टेट बिसरख को बंद करने का नोटिस दिया गया है।