प्रोबेशन विभाग ने पूछा- कंपनी में पीओएसएच समिति गठित है या नहीं, शिकायत पर युवती को बाहर निकालने का है आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-90 स्थित डिक्सन कंपनी में महिला कर्मचारी (डाटा एंट्री ऑपरेटर) का उत्पीड़न कर नौकरी से निकालने के मामले में जिला प्रोबेशन विभाग ने नोटिस जारी कर यौन उत्पीड़न रोकथाम (पीओएसएच) समिति के गठन की जानकारी मांगी है। जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज पुष्कर का कहना है कि समिति का गठन नहीं मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टर-142 कोतवाली में युवती ने केस दर्ज कराया है कि कंपनी के कर्मचारियों का पार्टी फाइटर नाम का व्हाट्सएप ग्रुप है, जिसमें कंपनी कर्मचारी मोहित और केदार ने 11 से 22 अप्रैल के बीच पीड़िता के खिलाफ गंभीर टिप्पणी की और अभद्र भाषा व अश्लील इमोजी का इस्तेमाल किया। आरोप है कि जब पीड़िता ने अपने सीनियर दिलबाग से इसकी शिकायत की तो उसने अनदेखा कर दिया और अपमानित कर कंपनी से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद एचआर विभाग के योगेश ने पीड़िता पर आरोपियों को माफ करने का दबाव बनाया और उन्हें कंपनी से ब्लॉक कर दिया। पीड़िता को धमकी दी गई कि वह घर पर न बताए और कानूनी कार्रवाई न करे।
पीड़िता ने बताया कि केदार पहले भी युवती को परेशान करता था। कई बार टिप्पणी करता था, लेकिन वह टाल देती थी। इसके बाद आरोपी ने उसका फोटो मॉर्फ्ड किया और आपत्तिजनक कमेंट के साथ ग्रुप में पोस्ट कर दिया। घटना के बाद से वह परेशान थी। शिकायत करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी कि सिर्फ एक पोस्ट ही तो डाला है, कुछ किया थोड़ी है।
पुलिस ने आरोपी योगेश, दिलबाग, केदार और मोहित के खिलाफ केस दर्ज कर एचआर मैनेजर योगेश, सिक्योरिटी ऑफिसर दिलबाग और आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले केदार को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। जांच में पता चला है कि केदार और मोहित पीसीबी रिपेयरिंग करते हैं। दोनों आरोपी कर्मचारियों को निकाल दिया गया है। मामले में वांछित आरोपी मोहित की तलाश की जा रही है। जिस कंपनी में घटना हुई वहां मोबाइल के पार्ट्स बनाए जाते हैं।