-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक खरीदार की शिकायत पर की कार्रवाई
-ग्रेनो वेस्ट की मेफेयर रेजीडेंसी सोसाइटी का मामला, नोटिस किया चस्पा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट की मेफेयर रेजीडेंसी सोसाइटी के बिल्डर सुपरसिटी डेवलपर्स को नोटिस जारी किया है। बिल्डर बिना ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) व कंप्लीशन सर्टिफिकेट (सीसी) के खरीदारों को कब्जा दे रहा है। खरीदारों ने इसकी शिकायत प्राधिकरण से की। प्राधिकरण ने कब्जा नहीं देने का आदेश दिया है। साथ ही नोटिस प्रोजेक्ट के बाहर चस्पा किया हैं।
सोसाइटी निवासी प्रीत बैजल ने बताया कि निर्माणाधीन सोसाइटी में कुल 12 टावर का निर्माण होना है। इनमें से 4 टावर का निर्माण हो चुका हैं। उनका ओसी प्राधिकरण से नहीं मिला, लेकिन बिल्डर ने वहां 120 खरीदारों को कब्जा भी दे दिया। वर्ष 2019 से कब्जा देना शुरू किया है। अभी भी बिल्डर कई खरीदारों को कब्जा देने की तैयारी कर रहा है। जबकि वहां पर किसी तरह की मूलभूत सुविधाएं भी नहीं है। बिजली और पानी के कनेक्शन भी नहीं हैं। निर्माण कार्य के अस्थायी कनेक्शन से बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसकी कई बार शिकायत प्राधिकरण और शासन स्तर पर की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। अब प्राधिकरण ने सोसाइटी के बिल्डर सुपरसिटी डेवलपर्स को नोटिस जारी किया है। बिना ओसी व सीसी के फ्लैटों पर कब्जा देने पर रोक लगा दी है। ओसी व सीसी मिलने के बाद ही बिल्डर कब्जा दे सकता है। नोटिस प्रोजेक्ट के बाहर चस्पा भी कर दिया गया है।
ग्रेनो वेस्ट में ज्यादातर बिल्डर कर रहे मनमानी
ग्रेनो वेस्ट में मेफेयर रेजीडेंसी जैसे काफी प्रोजेक्ट हैं। जहां पर बिना ओसी व सीसी के खरीदारों को कब्जा दे दिया गया। अभी भी कई जगह कब्जा दिया जा रहा है, लेकिन प्राधिकरण उस पर कार्रवाई नहीं कर रहा हैं। केवल शिकायत मिलने पर ही नोटिस जारी कर खानापूर्ति की जा रही है।