ऑनलाइन क्लास से वंचित करने पर 3 स्कूलों को नोटिस
ग्रेटर नोएडा। छात्रों को ऑनलाइन क्लास से वंचित करने पर 3 स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ धीरेंद्र कुमार ने यह कार्रवाई करते हुए स्कूलों से 10 सवाल भी पूछे हैं। छात्रों के अभिभावकों ने ऑनलाइन क्लास से निकाले जाने के संबंध में आयोग से शिकायत की थी।
जिन स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है उनमें वनस्थली पब्लिक स्कूल सेक्टर-56 नोएडा, द मंथन स्कूल सेक्टर-16सी नोएडा और समरविले स्कूल ग्रेटर नोएडा शामिल हैं। स्कूलों से पूछा गया है कि छात्रों को कब से ऑनलाइन क्लास से वंचित किया गया, क्या केवल फीस नहीं भरने की वजह से ऐसा किया गया, शिकायत करने वालों के अलावा और कितने छात्रों को ऑनलाइन क्लास से वंचित किया गया है। इसके अलावा विद्यार्थियों का जो कोर्स छूट गया है उसे कैसे पूरा कराया जाएगा, इस संबंध में भी जानकारी मांगी है। कई अन्य सवाल भी पूछे गए हैं। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की जा सकती है।