सीमा के वकील का नोटिस मिला तो देंगे जवाब
- सचिन मीणा पर टिप्पणी करने वाली मिथलेश के पक्ष में आए कई वकील
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/रबूपुरा। सचिन मीणा पर कमेंट करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथलेश भाटी के पक्ष में कई वकील बृहस्पतिवार को रबूपुरा पहुंचे। मिथलेश ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें सीमा हैदर के वकील एपी सिंह की तरफ से कोई नोटिस नहीं मिला है। अगर नोटिस मिला तो वह उसका जवाब देंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
गौतमबुद्ध नगर के अधिवक्ता रजनीश यादव ने बताया कि मिथलेश ने सोशल मीडिया के जरिये सीमा हैदर व सचिन के वकील के कानूनी नोटिस भेजे जाने की जानकारी होने पर उनसे संपर्क किया था। इसके बाद वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल रबपूरा पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल में अजय चौहान, पीके राघव, बीबी शर्मा, दीपक शर्मा और पवन भाटी शामिल थे।
मिथलेश भाटी ने पत्रकारों से सचिन मीणा पर किए कमेंट को लेकर कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है। इसलिए वह इसके लिए माफी भी नहीं मांगेंगी। इससे पहले उनकी बहन किसान नेता गीता भाटी ने कहा कि कुछ दिन पहले उनके घर पर आकर हमला कर दबाव बनाने की कोशिश की गई। अब नोटिस के नाम से डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह भी पूरे मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगी।