पिनगवां। शाहचैखा गांव के सरपंच को बृहस्पतिवार को एसडीएम कार्यालय में सबूत के साथ बुलाया गया है। सरपंच ने
एसडीएम पर पांच लाख रुपये रिश्वत लेकर उसके खिलाफ रिपोर्ट देने का आरोप लगाया था। पुन्हाना के एसडीएम ने सरपंच से जवाब तलब किया है।
गांव कुतकपुर निवासी हसन मोहम्मद पुत्र चंदर खां द्वारा ग्राम पंचायत शाहचैखा के खिलाफ घटिया सामग्री लगाने, फर्जी जॉब कार्ड बनाने, पंचायत जमीन पर अवैध कब्जा करवाने, कम लंबाई के रास्तों को ज्यादा लंबा दिखाकर राशि का दुरुपयोग करना का आरोप लगाया था। तत्कालीन एसडीएम वैशाली शर्मा को इस बारे में शिकायत दी थी। एसडीएम वैशाली शर्मा ने डीसी नूंह को भेजी जांच रिपोर्ट में सरपंच पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसके बाद सरपंच ने 17 सितंबर को डीसी के कारण बताओ नोटिस के जवाब में पुन्हाना की एसडीएम पर आरोप लगाया था कि उन्होंने शिकायतकर्ता से पांच लाख रुपये लेकर उसके खिलाफ गलत रिपोर्ट पेश की थी।