भाजपा, आप व कांग्रेस के 28 डमी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र भी थे शामिल
उम्मीदवारों की संख्या के मामले में अंतिम तस्वीर 15 नवंबर को स्पष्ट होगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की बुधवार को जांच की। आयोग ने जांच के दौरान 80 नामांकन पत्र रद्द कर दिए। इनमें भाजपा, आप और कांग्रेस के 28 डमी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र शामिल हैं।
इसके अलावा तीनों दलों के कुछ उम्मीदवारों ने एक से अधिक नामांकन दाखिल किए थे। इनमें से केवल एक को ही वैध माना गया है। वहीं, पांच निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द हुए हैं उनमें चांदनी महल वार्ड से चार और नारायणा वार्ड से एक निर्दलीय उम्मीदवार का पर्चा रद्द किया गया है। नारायणा वार्ड में भाजपा के बागी नेता का नामांकन पत्र रद्द हुआ।
एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए तीनों दलों के उम्मीदवारों के 28 डमी उम्मीदवारों समेत 86 उम्मीदवारों ने 133 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इस तरह माना जा रहा था कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद 58 उम्मीदवार मैदान में रह जाएंगे लेकिन पांच निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र भी रद्द हो गए और अब चुनाव मैदान में भाजपा, आप व कांग्रेस के 36 उम्मीदवारों के अलावा ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाॅक और सीपीआई के एक-एक उम्मीदवार समेत 15 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं। उम्मीदवार 15 नवंबर तक नाम वापस ले सकते हैं। इस तरह उम्मीदवारों की संख्या के मामले में अंतिम तस्वीर 15 नवंबर को ही स्पष्ट होगी। नारायणा वार्ड से भाजपा से टिकट मांग रहे पूर्व पार्षद प्रमोद तंवर का नामांकन रद्द हो गया है। वह वर्ष 2012 में भी पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत गए थे लेकिन इस बार इतिहास दोहराने में नाकाम रह गए।
हालांकि, उनका नामांकन रद्द होने के बावजूद इस वार्ड में भाजपा की राह आसान नहीं है। पार्टी के भीतर असंतोष बरकरार है क्योंकि भाजपा के करोल बाग जिले के ओबीसी मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष ऋषिपाल तंवर पार्टी टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे हुए हैं।
नारायणा में सबसे ज्यादा आठ उम्मीदवार
सबसे कम उम्मीदवार द्वारका बी, दक्षिणपुरी और ग्रेटर कैलाश वार्डों में बचे हैं। इन वार्डों में तीन-तीन उम्मीदवार ही मैदान में रह गए हैं। वहीं, नारायणा वार्ड में सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। यहां आठ उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।