-त्योहार से पहले और बाद तक 13 से 28 अक्तूबर तक चलेगी जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दिवाली पर पटाखों की आवाज और धुएं से ध्वनि प्रदूषण के साथ ही वायु प्रदूषण में भी बढ़ोतरी हो जाती है ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से दिवाली से पहले शहर की वायु गुणवत्ता (पर्यवेक्षीय वायु गुणवत्ता) और ध्वनि प्रदूषण की जांच शुरू कर दी गई है। 13 से 28 अक्तूबर तक शहर में मॉनिटरिंग की जाएगी और इसकी रिपोर्ट दिवाली के बाद जारी होगी। ऐसे में यह पता लगाया जा सकेगा कि दिवाली के पहले और दिवाली के बाद क्या स्थिति रही।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नोएडा के क्षेत्रीय अधिकारी रितेश तिवारी ने बताया कि नोएडा में प्रदूषण की जांच करने के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लगे हुए हैं और स्टेेशन भी अलग-अलग हैं। यहां पर रोजाना वायु गुणवत्ता की जांच होती है और इसकी रिपोर्ट भी ऑनलाइन जारी होती है। इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण के लिए भी अलग स्टेशन हैं जहां पर प्रतिमाह ध्वनि प्रदूषण की जांच की जाती है। हालांकि दिवाली के लिए इन स्टेशनों पर नहीं बल्कि कार्यालय में इंस्टॉल स्टेशन से जांच की जाएगी।
16 दिन तक 24 घंटे होगी जांच
रितेश तिवारी ने बताया कि इस जांच के लिए कार्यालय में स्टेशन इंस्टॉल है और यह स्टेशन केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जानकारी में होता है। यहां पर ही लगातार 16 दिन तक 24 घंटे के लिए वायु गुणवत्ता और ध्वनि प्रदूषण की जांच की जाएगी। इस जांच से जो रिपोर्ट आएगी उसका विश्लेषण करने के बाद ही डाटा जारी किया जाएगा। इसमें दिवाली से पहले, दिवाली के दिन और दिवाली के बाद की स्थिति पता चलेगी।