330 वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ सबसे प्रदूषित शहर की श्रेणी में हुआ दर्ज
-अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। हवाएं तेज चलने के बाद भी प्रदूषण स्तर में कमी नहीं आ रही और रोजाना शहर की हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज हो रही है। सोमवार को 330 वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के साथ नोएडा देश के सबसे प्रदूषित शहर की श्रेणी में दर्ज हुआ। वहीं, ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 302 रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को नोएडा में सेक्टर 1 का क्षेत्र सबसे प्रदूषित रहा। यहां पर एक्यूआई 356 दर्ज किया गया, जबकि पिछले दो दिन से सेक्टर 1 के एयर मॉनिटरिंग स्टेशन पर तकनीकी समस्या के चलते स्टेशन रुक-रुककर चल रहा था। वहीं, मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ न होने से सर्दी सूखी बनी हुई है और कोहरा गायब है। हवाओं की गति 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे है। नोएडा के प्रदूषण में कुछ खास कमी नहीं आई है। यहां पर रोजाना एक्यूआई रेड जोन में ही दर्ज हो रहा है। इसके अलावा फिलहाल शीतलहर के आसार नहीं बन रहे हैं। ऐसे में सर्दी बहुत जोर नहीं पकड़ेगी और प्रदूषण भी कम नहीं होगा।
6 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
रविवार को गौतमबुद्ध नगर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पूर्वानुमान के मुताबिक इस सप्ताह तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है।