सुरक्षा और जिम्मेदारी संग रक्तदान कर दिया औरों को जीवनदान
- अमर उजाला फाउंडेशन और जिला अस्पताल की मदद से रक्तदान शिविर का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा
सेक्टर 30 स्थित जिला अस्पताल में गुरुवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस रक्तदान शिविर का शुभारंभ सीएमओ डॉ दीपक ओहरी, सीएमएस डॉ रेनू अग्रवाल एवं डॉ वी बी ढाका ने मिलकर किया। डॉक्टरों की टीम ने सुरक्षा मानकों और कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखकर दानकर्ताओं से रक्तदान करवाया।
जिला अस्पताल के पैथोलॉजी हेड डॉ एच एम लवानिया ने कहा कि रक्तदान दानकर्ता के लिए कोई परेशानी नहीं खड़ी करता। बल्कि इस पुण्यकाम से दूसरों को जीवनदान मिलता है। कोरोना संकट को ध्यान में रखकर सभी सुरक्षा उपायों का इंतजाम किया गया है। दानकर्ताओं की कोरोना जांच भी की गई। जिससे संक्रमण फैलने का खतरा ना पैदा हो।
पवन यादव ने बताया कि वह अकसर रक्तदान करते रहते हैं। उन््होंने आज 63 वी बार रक्तदान किया है। वहीं रक्तदाता सुभाष चौहान आरडब्लयूए अध्यक्ष मेट्रो अपार्टमेंट, सेेक्टर 78 के शिवमोहन भारद्वाज, सेक्टर 71 पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शिव शक्ति अपार्टमेंट जगदीश यादव, एओए अध्यक्ष सेक्टर 121 होम्स 121चक्रधर मिश्रा, अंकुर रस्तोगी आदि ने रक्तदान में शामिल होने पर खुशी जाहिर की। वहीं अनिल कुमार कौशिक अपने जन्मदिन पर पहली बार रक्तदान करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस जन्मदिन उन्हें खास अनुभव हो रहा है। युवा क्रांति सेना के शिव शक्ति कुमार भी पहली बार रक्तदान करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि रक्तदान करके बेहद खुश हैं। बहुत अच्छा लग रहा है। महिलाओं में अंजली सचदेवा और अनीता जोशी आदि ने भी रक्तदान किया। रक्तदाता योगेन्द्र सिंह यादव के अनुसार रक्तदान एक अद्भुत अनुभव है। खुशबू चौहान समाज सेवी भी पहली बार रक्तदान करने पहुंची। ऐहतेशाम ने पिता बनने की खुशी में रक्तदान किया। साथ ही उनके दोस्त जुबेर ने भी इस मौके पर रक्तदान किया। नव ऊर्जा के दीपक कनौजिया ने कहा कि वह पहली बार रक्तदान कर रहे हैं और बेहद खुश हैं। राजीव गोयल अध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल नोएडा ने कहा कि समय समय पर रक्तदान करते रहना उन्हें अच्छा लगता है। ऐसा लगता है कि कोई पुर्ण काम किया है। सेक्टर 115 निवासी लोक गायक सतेंद्र यादव उर्फ कालू यादव रक्तदान करने पहुंचें। उन्होंने कहा कि आज उन्हें शो के लिए जाना था, लेकिन रक्तदान शिविर की खबर सुनकर पहले उसके लिए आए हैं। अंकित ने कहा कि रक्तदान करके दूसरों का जीवन बचाने की खुशी मिलती है, जो अनमोल है। दीनू खान ने 32 साल की आयु में 32 बार रक्तदान किया है। इसके साथ ही नवऊर्जा संस्था से प्रतीक , सुधीर राय, संदीप पाठक, दीपेंद्र हुड्डा आदि ने रक्तदान किया।
------------------
प्रगति मिश्रा