नोएडा। गोवा के कूड़ा प्रबंधन मॉडल से नोएडा सीखेगा। गोवा में कूड़ा निस्तारण व वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का संचालन किस तरह से किया जा रहा है यह देखने के लिए नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग की टीम दो दिवसीय दौरे पर गई है। टीम ने 250 मीट्रिक टन व 150 मीट्रिक टन प्रतिदिन कूड़ा निस्तारण क्षमता के लगे दोनों प्लांट को देखा। यह पाया कि इन प्लांट पर बगैर किसी तरह की बदबू के कूड़ा निस्तारण किया जा रहा है। यही नहीं माहौल भी साफ-सुथरा है और प्लांट के अंदर किचन तक बना हुआ है। दौरे पर जाने वाली टीम में प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, जन स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी जीएम एस पी सिंह व अन्य अधिकारी शामिल हैं। टीम वापस लौटने के बाद गोवा के भ्रमण को लेकर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सीईओ को सौंपेगी। ब्यूरो